
उन्नाव पुलिस ने 24 घंटे में लूट व चोरी का किया
खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
उन्नाव संवाददाता हिमांशु शुक्ला
उन्नाव। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में उन्नाव पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट और चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है। दो थानों की पुलिस टीमों के साथ एसओजी और सर्विलांस यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
लूट का मामला — बेहटामुजावर थाना क्षेत्र
थाना बेहटामुजावर पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए 24 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हाल ही में 10 वर्षीय बालक की मौत के मामले में मुख्य आरोपी के पिता से लूट की थी।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹58,200 नकद, एक अर्टिका कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
चोरी का मामला — सोहरामऊ थाना क्षेत्र
वहीं, थाना सोहरामऊ पुलिस ने पेट्रोल पंप में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पेट्रोल पंप से ₹3,02,200 की नकदी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के रुपये और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
तेजतर्रार अफसरों की सक्रियता से बढ़ा मनोबल
पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन और टीम की सक्रियता से दोनों ही मामलों का खुलासा मात्र 24 घंटे में हो गया। उन्नाव पुलिस की इस तत्परता से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, जबकि आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और बढ़ा है।




