अटल प्रतिमा के अनावरण व स्वरूप मे बदलाव की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे भाजपा नेता शरद बाजपेयी
दो साल से अनावरण के लिए तरसती पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की प्रतिमा

अटल प्रतिमा के अनावरण व स्वरूप में बदलाव की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे भाजपा नेता शरद बाजपेयी
अभिनन्दन जैन इटावा की रिपोर्ट

इटावा-डीएम चौराहे पर स्थापित भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के स्वरूप में बदलाव एवं शीघ्र अनावरण की मांग को लेकर भाजपा नेता व सभासद शरद बाजपेयी रविवार से आमरण अनशन पर बैठ गए। उनके साथ दर्जनों समर्थक भी अनशन में शामिल हैं।
शरद बाजपेयी ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लंबे समय से स्थापित होने के बावजूद अब तक उसका अनावरण नहीं किया गया है, जो भारत रत्न का अपमान है। उन्होंने मांग की कि अटल जी की प्रतिमा को सावधान मुद्रा में स्थापित किया जाए, प्रतिमा के ऊपर छत्र लगाया जाए,आसपास फव्वारे एवं भव्य सजावट की जाए तथा शीघ्र अनावरण किया जाए। अनशन स्थल पर मौजूद शरद बाजपेयी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो वे पत्नी व बच्चों सहित आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि देश के महान नेता अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान के लिए यह आंदोलन कर रहे हैं।शरद बाजपेयी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का सम्मान केवल भाजपा तक सीमित नहीं है, बल्कि वे पूरे देश और विश्व में आदर के पात्र हैं। ऐसे महान नेता की प्रतिमा का सम्मानपूर्वक अनावरण होना चाहिए।डीएम चौराहे पर अनशन शुरू होने के बाद सिविल लाइन पुलिस भी सतर्क मोड में नजर आई और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।इस दौरान उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल इटावा के जिला अध्यक्ष संतोष चौहान ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेता का सम्मान पूरे विश्व में है, इसलिए उनकी प्रतिमा भी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ स्थापित होनी चाहिए। व्यापार मंडल शरद बाजपेयी के साथ है।




