शादी की खुशियों पर मंडराया खतरा, इकदिल पुलिस बनी फरिश्ता – सिलेंडर में लगी आग पर पाया काबू
इस सराहनीय कार्य के लिए ग्रामवासियों ने इकदिल पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा की

इकदिल पुलिस की तत्परता से शादी की खुशियां रहीं सुरक्षित, गैस सिलेंडर रिसाव से लगी आग पर पाया काबू
इटावा/इकदिल।
थाना इकदिल क्षेत्र के ग्राम अमीनाबाद में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शादी की तैयारियों के बीच अचानक आग लग गई। हालांकि इकदिल पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और शादी की खुशियां सुरक्षित रहीं। गनीमत रही कि घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी महेश चंद्र पुत्र गंगादीन के यहां उनके पुत्र की बारात जाने की तैयारी चल रही थी। घर में मेहमानों के लिए भोजन बनाया जा रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पास रखी कुछ कुर्सियों और गद्दों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना इकदिल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी विक्रम सिंह के निर्देशन में पीआरवी चालक राहुल मिश्रा ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान कांस्टेबल अवधेश कुमार, धीरेंद्र दुबे और सचिन बाजपेई ने भी सक्रिय सहयोग किया। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से आग पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।
आग से कुछ घरेलू सामान जल गया, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा नुकसान टल गया। किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद महेश चंद्र एवं ग्रामीणों ने इकदिल पुलिस की सक्रियता और बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय पर न पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन उनकी तत्परता से शादी का माहौल फिर से सामान्य हो गया और खुशियां सुरक्षित
रहीं।




