सैफई पुलिस ने नकली ब्रांडेड बाजरा के कारोबार का किया भंडा फोड़ दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने उनके कब्जे से 180 किलोग्राम नकली "क्रिस्टल प्रोएग्रो हाइब्रिड बाजरा 9001" तथा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा टीयूवी वाहन बरामद किया है।

इटावा सैफई थाना पुलिस ने नकली ब्रांडेड बाजरा के कारोबार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 180 किलोग्राम नकली “क्रिस्टल प्रोएग्रो हाइब्रिड बाजरा 9001” तथा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा टीयूवी वाहन बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र एवं क्षेत्राधिकारी सैफई कुशलपाल सिंह के नेतृत्व में थाना सैफई पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, ट्रयू बड्डी कंसल्टिंग प्रा. लि. में सहायक प्रबंधक प्रेम शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मैनपुरी निवासी अखिलेश उर्फ गुड्डू द्वारा सैफई क्षेत्र के हवाई पट्टी लाडमपुर स्थित गोदाम में “क्रिस्टल बाजरा” ब्रांड के नाम से कूटरचित (नकली) लेबल लगाकर बाजरा का भंडारण और बिक्री की जा रही है।
शिकायत मिलने पर कंपनी की टीम ने गोदाम पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि पैकेटों पर एक ही बैच और लेबल नंबर अंकित था, जबकि कंपनी के अनुसार प्रत्येक पैकेट का बैच नंबर अलग-अलग होता है। इसके बाद थाना सैफई में मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आनंद प्रकाश तिवारी (50) निवासी आगरा तथा अखिलेश (43) निवासी नगला धन सिंह, थाना कुर्रा, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 120 पैकेट नकली बाजरा (कुल 180 किलोग्राम) तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा टीयूवी (UP83AY7728) बरामद कर सीज कर दी गई।
इस संबंध में थाना सैफई में बीएनएस की धारा 318(4) तथा ट्रेड मार्क अधिनियम की धाराओं 102, 103 एवं 104 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




