04 घंटे में दुष्कर्म आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बढ़पुरा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही

04 घंटे में दुष्कर्म आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
इटावा। थाना बढ़पुरा क्षेत्र में 7 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म की घटना के आरोपी को इटावा पुलिस ने मात्र 4 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक सरकारी पिस्टल, दो खोखा कारतूस और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में थाना बढ़पुरा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना बढ़पुरा में सूचना मिली कि 7 वर्षीय बालिका को आरोपी नितिन पुत्र प्रहलाद बहला-फुसलाकर स्कूल के पास ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में तत्काल मुकदमा संख्या 41/2026 धारा 65(2) बीएनएस एवं 5M/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना बढ़पुरा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पूठन मोड़ के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घटना से जुड़े साक्ष्य नारायण एक्सीलेंट स्कूल के पास नहर क्षेत्र में छिपा रखे हैं।
पुलिस टीम जब आरोपी की निशानदेही पर साक्ष्य बरामद करने पहुंची, तभी आरोपी ने उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह की सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन पुत्र प्रहलाद निवासी नगला अजीत थाना बढ़पुरा जनपद इटावा, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सरकारी पिस्टल, दो खोखा कारतूस 9 एमएम तथा घटना से संबंधित महत्वपूर्ण वस्त्र और अन्य भौतिक साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




