इटावा पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़, चार सगे भाई गिरफ्तार
91 लाख से अधिक की धनराशि बरामद, ऑनलाइन गेमिंग व क्रिप्टो के जरिए करते थे लेनदेन

इटावा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चार सगे भाई गिरफ्तार
91 लाख से अधिक की धनराशि बरामद, ऑनलाइन गेमिंग व क्रिप्टो के जरिए करते थे लेनदेन

इटावा, 26 अप्रैल। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बसरेहर और वैदपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी आपस में सगे भाई हैं और लंबे समय से ऑनलाइन माध्यम से लोगों को ठग रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 91,18,042 रुपये की धनराशि बरामद की गई है। इसमें 30,60,000 रुपये नकद तथा 60,58,042 रुपये विभिन्न बैंक खातों, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के रूप में मिले हैं। इसके अलावा 9 मोबाइल फोन, 19 एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को लालच देकर साइबर फ्रॉड करते थे और ठगी की रकम को सीधे अपने खाते में न लेकर पहले अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते थे। इसके बाद उस पैसे को “82 लॉटरी ऐप” जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म और क्रिप्टो एक्सचेंज में लगाकर उसे वैध दिखाने का प्रयास करते थे। बाद में रकम को अपने खातों में ट्रांसफर कर एटीएम और चेक के जरिए निकाल लेते थे।
मुख्य आरोपी पर कई राज्यों में मामले दर्ज
मुख्य आरोपी सतीश कुमार के खिलाफ NCRP पोर्टल पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों में करीब 20 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें से दो मामलों में गौतमबुद्धनगर और बरेली में एफआईआर भी दर्ज है, जिनमें करोड़ों रुपये की ठगी सामने आई है।
चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम 25/26 अप्रैल की रात क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर लोहिया नहर पुल के पास चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
इस सराहनीय कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को 25 हजार रुपये से पुरस्कृत किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




