वामा सारथी के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण अभियान,
वृक्षारोपण कर दिया हरित एवं स्वच्छ भारत का संदेश

वामा सारथी के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण अभियान, वृक्षारोपण कर दिया हरित एवं स्वच्छ भारत का संदेश

इटावा। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में बुधवार को वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी अध्यक्ष रीना श्रीवास्तव ने की।उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने “वामा ईको चैंप” के रूप में पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने, जल का संरक्षण करने, एकल उपयोग प्लास्टिक का बहिष्कार करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।इसके उपरांत पुलिस लाइन स्थित बाल उद्यान एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी उपस्थित अधिकारियों, पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया।वामा सारथी अध्यक्षा रीना श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सतत् दायित्व है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण करने तथा प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में सभी से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी रीना श्रीवास्तव अध्यक्ष वामा सारथी धर्मपत्नी;वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव,अर्चना त्रिपाठी धर्मपत्नी; अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी,शोभा रानी धर्मपत्नी; अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, वन्दना शर्मा धर्मपत्नी; अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष सिंह, क्षेत्राधिकारी जसवंत नगर आयुषी सिंह, इसके अलावा पुलिस मॉडर्न स्कूल की शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पुलिस परिवार की महिलाएं तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




