सरकारी चकरोड पर भू-माफिया ने किया कब्जा, किसानों ने एसडीएम से लगाई गुहार
बकेवर थाना अंतर्गत चक रोड पर कब्जा

*सरकारी चकरोड पर भू-माफिया ने किया कब्जा, किसानों ने एसडीएम से लगाई गुहार।*
*मॉर्निंग इंडिया न्यूज़ दीपक शर्मा जिला संवाददाता इटावा।*
*बकेवर इटावा।*
कस्बा बकेवर क्षेत्र में सरकारी चकरोड गाटा संख्या -1383 पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर किसानों ने उपजिलाधिकारी भरथना को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता वरुण चौधरी पुत्र राजेश नारायण ने बताया कि लेखपाल द्वारा पैमाइश किए जाने के बाद भी कुछ लोगों द्वारा चकरोड को तोड़कर उस पर नींव भरने और निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
शिकायतकर्ताओं में राहुल शुक्ला पुत्र रमेश शुक्ला,सौरभ चौहान पुत्र श्याम सिंह, भगवानदास शर्मा, राजू दीक्षित, सर्वेश त्रिपाठी एवं भोवेश मौर्य शामिल हैं। किसानों का कहना है कि संबंधित चकरोड उनके खेतों तक पहुंचने का मुख्य मार्ग है और इस पर अतिक्रमण होने से खेती-किसानी एवं आवागमन प्रभावित होगा।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि निवासी गांधी नगर, बकेवर द्वारा चकरोड की भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि पूर्व में लेखपाल द्वारा पैमाइश कर चकरोड की भूमि चिन्हित की जा चुकी है, इसके बावजूद अतिरिक्त चकमार्ग पर निर्माण कार्य जारी है।
वरुण चौधरी आदि समस्त किसानों ने प्रशासन से मांग की है, कि किसानों के हितों को देखते हुए तत्काल निर्माण कार्य रुकवाया जाए तथा सार्वजनिक चकरोड पर हो रहे कब्जे को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।।




