इकदिल के कृपालपुरा में क्रिकेट प्रीमियर लीग-2026 का समाज सेवी सुमित चौधरी ने किया शुभारंभ
नगला दलप ने 60 रन से जीता उद्घाटन मुकाबला

इकदिल के कृपालपुरा में क्रिकेट प्रीमियर लीग-2026 का शुभारंभ, नगला दलप ने 60 रन से जीता उद्घाटन मुकाबला

इकदिल। क्षेत्र के ग्राम कृपालपुरा में क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह के बीच कृपालपुरा क्रिकेट प्रीमियर लीग-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन दीपक शाक्य एवं अभिषेक शाक्य के नेतृत्व में किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अधिवक्ता, समाजसेवी एवं चौधरी उत्सव गार्डन के संचालक सुमित चौधरी ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि सुमित चौधरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला बिरारी और नगला दलप की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन नगला दलप की टीम ने दमदार बल्लेबाजी और सटीक गेंदबाजी के दम पर बिरारी को 60 रन से हराकर प्रतियोगिता का विजयी आगाज किया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर रिंकू चौधरी, मोहित, सुनील, साहब सिंह, नितुल, भानु सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में आयोजक दीपक शाक्य एवं अभिषेक शाक्य ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।




