इकदिल पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 7 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
7 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर शिवम के पैर में लगी गोली हुआ गिरफ्तार

इटावा पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 7 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर पैर में गोली लगने से गिरफ्तार

इकदिल। इटावा-भरथना मार्ग पर गुरुवार देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने सात मुकदमों में वांछित हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है। घायल बदमाश का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक इकदिल अपनी टीम के साथ चितभवन नहर पुल के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक वांछित अपराधी इटावा-भरथना मार्ग स्थित सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल के आगे नावली मार्ग की ओर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख आरोपी शिवम उर्फ शिवा पुत्र स्वर्गीय सत्य प्रकाश गोस्वामी, निवासी नगला तिवारी, वलैयापुर, थाना जसवंतनगर, ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 20,170 रुपये नकद बरामद किए गए। घायल आरोपी को तत्काल जिला चिकित्सालय इटावा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हत्या, चोरी, एनडीपीएस समेत कई संगीन मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार शिवम उर्फ शिवा पर हत्या, चोरी, अवैध शराब, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में थाना इकदिल में भी उसके खिलाफ बीएनएस, आर्म्स एक्ट और दस्यु प्रभावित क्षेत्र अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मुठभेड़ को इटावा पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
मौके पर थाना प्रभारी इकदिल विक्रम सिंह चौहान कस्बा इंचार्ज मंजीत दयाल, सिपाही सचिन बाजपेई व फ़ोर्स मौजूद रहा




