नारायण कॉलेज मे राखी बनाकर छात्र-छात्राओं ने प्रकट किया भाई-बहन के अटूट प्रेम
कक्षा 3 से 5 एवं 6 से 8 तक के लगभग 100 बच्चो ने लिया भाग

राखी बनाकर छात्र-छात्राओं ने प्रकट किया भाई-बहन के अटूट प्रेम

इटावा। नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स, आलमपुर हौज में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में इंटर हाउस राखी बनाओ एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राइमरी वर्ग के कक्षा-3 से 5 तथा जूनियर वर्ग के कक्षा-6 से 8 तक के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए घरेलू सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कीं। राखी बनाने में दाल के दाने, रंगीन कागज, मोती और विभिन्न रंगों का खूबसूरती से प्रयोग किया गया। बच्चों द्वारा बनाई गई मनमोहक राखियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
राखी मेकिंग प्रतियोगिता में कक्षा-3 मार्स की जाहनवी, कक्षा-4 मार्स की आराध्या, कक्षा-4 मर्करी की ब्यूटी यादव, कक्षा-5 मार्स की वंशिका, कक्षा-5 वीनस की दिव्यांशी, कक्षा-6 मार्स के आदित्य राजपूत, कक्षा-6 वीनस की सृष्टि, कक्षा-7 मार्स के प्रघुम्न पाठक, कक्षा-7 वीनस के देव यादव तथा कक्षा-8 मार्स के समीर कश्यप ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा-8 मार्स की नंदनी ने प्रथम, कक्षा-7 वीनस की नैना शुक्ला ने द्वितीय तथा कक्षा-8 वीनस की सौम्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं की कला एवं रचनात्मकता का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “राखी भाई-बहन के रिश्ते की अटूट डोर का प्रतीक है और रिश्तों को एक सूत्र में बांधने का माध्यम है।” उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण पर्व भी है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन दो शब्दों ‘रक्षा’ और ‘बंधन’ से मिलकर बना है, जिसका अर्थ है ऐसा बंधन जिसमें एक-दूसरे की रक्षा और जिम्मेदारियों का संकल्प निहित हो। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व की जानकारी देते हुए भारतीय परंपराओं से जुड़ने का संदेश दिया।
अंत में प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीसीए इंचार्ज रितु कनौजिया, अंकिता सिंह, टोनी साइमन, वैदेही ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।




