जसवंतनगर में पुलिस मुठभेड़, गोलीकांड का आरोपी गिरफ्तार
जसवंतनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

जसवंतनगर में पुलिस मुठभेड़, गोलीकांड का आरोपी गिरफ्तार

इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोठी कैस्त निवासी सुनीता पत्नी राजेश ने जसवंतनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 22 अगस्त को अभिषेक उर्फ बंजारा पुत्र अशोक और सुमित उर्फ लाखा पुत्र अशोक ने उसके पुत्र शिवम उर्फ शेखू को गोली मारकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मामले में थाना जसवंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में तलाश और कॉम्बिंग कर रही थी। इसी दौरान कचौरा बाईपास रेलवे ओवरब्रिज के पास नहर पुल की ओर झाड़ियों में छिपे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अभिषेक उर्फ बंजारा के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभिषेक उर्फ बंजारा की उम्र करीब 25 वर्ष है और उसके खिलाफ जसवंतनगर व बसरेहर थानों में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2021 से 2026 तक कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं।
मामले में फरार आरोपी सुमित उर्फ लाखा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हेमन्त कुमार, उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा सहित पुलिस टीम ने की।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई।




