इटावा में ओवरलोड माफियाओं पर बड़ा प्रहार, 11 ट्रक सीज, 53 वाहनों के कटे चालान
इटावा कोतवाली, थाना फ्रेंड्स कालोनी एवं इकदिल थाना फ़ोर्स की संयुक्त कार्यवाही से डंपर मालिकों मे मचा हड़कम्प

इटावा में ओवरलोड माफियाओं पर बड़ा प्रहार, 11 ट्रक सीज, 53 वाहनों के कटे चालान

इटावा। जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना वैध प्रपत्र के वाहनों के संचालन के खिलाफ इटावा पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए ओवरलोड माफियाओं पर कड़ा शिकंजा कसा। इकदिल थाना क्षेत्र के मानिकपुर मोड़ और पिलखर क्षेत्र में चलाए गए सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 11 ट्रकों को सीज किया गया, जबकि 53 वाहनों के ई-चालान किए गए। साथ ही 3 लाख 90 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।
अभियान थाना कोतवाली, इकदिल और फ्रेण्ड्स कॉलोनी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया। कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा एसएसपी इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी नगर अभयनारायण राय ने किया।
पुलिस के अनुसार जनपद में अवैध खनन, बिना परमिट संचालन, ओवरलोडिंग और फॉल्टी नम्बर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में राजस्व विभाग और परिवहन विभाग (आरटीओ) की टीमों का भी सहयोग लिया गया, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज और नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



