पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम -एसएसपी ने किया निरीक्षण , 11 केंद्रों पर 25,632 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन निरीक्षण किया

पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम -एसएसपी ने किया निरीक्षण , 11 केंद्रों पर 25,632 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

इटावा -उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जनपद में 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीनों दिनों में लगभग 25,632 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क एवं सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर रैन बसेरा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभयनारायण राय, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर/लाइन्स आयुषी सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




