ढाई घंटे में दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा
उसराहार पुलिस की बड़ी कार्यवाही

ढाई घंटे में दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा

इटावा। इटावा पुलिस ने आठ वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज ढाई घंटे के भीतर आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना से संबंधित महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य और वस्त्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को थाना ऊसराहार क्षेत्र के ग्राम मामन निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी लगभग आठ वर्षीय पुत्री गांव के बाहर साइकिल चला रही थी। आरोप है कि गांव का ही निवासी रामनिवास पुत्र रामसेवक उसे धनराशि दिलाने का लालच देकर पास के बाग में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में थाना ऊसराहार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश्चन्द्र और क्षेत्राधिकारी भरथना रामदवन के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी तहसील के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घटना से जुड़े साक्ष्य झाड़ियों में छिपा रखे हैं।
पुलिस जब आरोपी की निशानदेही पर साक्ष्य बरामद करने पहुंची, तभी आरोपी ने छिपाया हुआ तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान रामनिवास पुत्र रामसेवक (35 वर्ष), निवासी ग्राम मामन, थाना ऊसराहार, जनपद इटावा के रूप में हुई है।
बरामदगी में एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना से संबंधित महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य और वस्त्र शामिल हैं। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।




