
अंगूठा लगवाकर जालसाजी कर किसान के खाते से उड़ाए 4500 रुपए
*क्षेत्र में जालसाजी गैंग सक्रिय पहले भी दो महिलाओं को बना चुके अपना शिकार
जसवंतनगर।क्षेत्र के ग्राम भीखनपुर में एक किसान के साथ ठगी का मामला सामने आया है। किसान लाल सिंह पुत्र अर्जुन सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका खाता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में संचालित है, जिसमें ₹4500 थे। सोमवार सुबह खेत में चारा लेने गए किसान से एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने किसान सम्मान निधि की किस्त जांचने के बहाने आधार कार्ड मांग लिया। युवक ने मशीन से जालसाजी कर अंगूठा लगवाया और यह कहकर चला गया कि किस्त नहीं आई है। बाद में किसान को पता चला कि खाते से ₹4500 निकाले जा चुके हैं।इसी तरह 17 अक्टूबर को ई-श्रम कार्ड के नाम पर दो महिलाओं के साथ भी ठगी की वारदातें सामने आई थीं। कोठी कैस्त की रागिनी देवी के खाते से ₹9900 और 16अक्टूबर को सलेमपुर की नीलम देवी के खाते से भी ₹9900 की रकम एक बाइक सवार युवक ने अंगूठा लगवाकर उड़ा दी थी। पुलिस को आशंका है कि तीनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ना ही अपना आधार नंबर न दें और ना ही अंगूठा लगाएं।




