पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
बकेवर पुलिस की अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही से बदमाशों मे बना खौफ

पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

इटावा। थाना बकेवर पुलिस ने सोमवार को हुई मुठभेड़ में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एसपी ग्रामीण श्रीशचन्द्र के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बकेवर पुलिस इकनौर तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध युवक क्षेत्र में आ रहे हैं। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने दूसरी टीम को सूचना देकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान आशीष उर्फ भोला के बाएं पैर और राज उर्फ कौशल के दाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों घायल आरोपितों सहित तीसरे आरोपी शिवा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राज उर्फ कौशल पुत्र जनविजय सिंह निवासी गुलजार नगर, आशीष कुमार उर्फ भोला पुत्र रामशंकर निवासी टिलीटिला तथा शिवा पुत्र मकरंद सिंह निवासी भवानीपुर, थाना बकेवर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि बरामद 15 हजार रुपये लखना तिराहे के पास हुई चोरी की घटना से संबंधित हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल, तीन अवैध तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस, छह जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना बकेवर प्रभारी निरीक्षक विपिन मलिक केपुलिस टीम द्वारा की गई।




